दुर्गा पूजा को लेकर मद्यनिषेध अभियान तेज, दो दिनों में 27 गिरफ्तार; 1,979 लीटर शराब जब्त/विनष्ट एवं 3 वाहन जब्त
सारण (छपरा), दिनांक 16 अक्टूबर 2026।
जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव के निर्देश के आलोक में दुर्गा पूजा पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शराब के सेवन से उत्पन्न होने वाली संभावित अप्रिय घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध सघन छापेमारी एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। विगत दो दिनों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 192 लीटर विदेशी शराब एवं 1,787 लीटर देशी शराब जब्त/विनष्ट की गई तथा 3 वाहनों को जब्त किया गया है।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। साथ ही, लाइन होटलों, ढाबों एवं अन्य संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी और जांच की जा रही है। सभी प्रमुख पूजा पंडालों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी रखी जा रही है, ताकि अवैध शराब की बिक्री, भंडारण, परिवहन एवं सेवन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए यह अभियान विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इसका उद्देश्य नशे की स्थिति में उत्पन्न होने वाले विवाद, सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका को कम करना तथा पर्व के दौरान शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखना है। मद्यनिषेध कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
जनहित में जिला प्रशासन की अपील: सभी नागरिक दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन से दूर रहें तथा शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित प्रशासनिक अथवा पुलिस पदाधिकारी को दें। आम नागरिकों से अपील है कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि पर्व के दौरान सभी श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
2 views | Saharsa, Bihar | Oct 16, 2026