#बालाघाट
कलेक्टर आदित्य सिंह ने राजस्व, जनपद एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों की ली बैठक
शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वच्छता और विकास कार्यों पर दिया जोर, लापरवाही मिलने पर मौके पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने 17 अक्टूबर को राजस्व विभाग, जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक लेकर शासकीय योजनाओं और विभिन्न विकास गतिविधियों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने, मैदानी क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करने तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री डी.पी. बर्मन, एसडीएम श्री अनिकेत शाण्डिल्य, श्री आदित्य नारायण तिवारी, श्री विजय सिंह यादव, श्री कमल सिंहसार, सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे।
विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी नियमित शासकीय कार्यों के साथ अपने मूल दायित्वों का अनिवार्य रूप से निर्वहन करें। प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में अधोसंरचना विकास और आजीविका के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार करें। आगामी दिनों में इन योजनाओं और प्रस्तावित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें और यह सुनिश्चित करें कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली कमियों और समस्याओं की पहचान कर उनका समय पर निराकरण किया जाए।
आकस्मिक निरीक्षण में कमी मिलने पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर श्री सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे स्वयं जिले के किसी भी क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान यदि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन या व्यवस्थाओं में लापरवाही और कमियां पाई जाती हैं, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारी अथवा कर्मचारी के विरुद्ध मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने कार्यों के प्रति जवाबदेह रहने और व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करने के निर्देश दिए।
अस्पताल, स्कूल और आंगनवाड़ी की व्यवस्थाओं पर रखें नजर
कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को अपने क्षेत्रों के अस्पतालों, स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, बस स्टैंड और बाजारों की व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि बालाघाट जिला प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली से समृद्ध है। इसकी सुंदरता और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ प्रभावी प्रयास करें।
सुबह 10 बजे तक कार्यालयों में उपस्थिति अनिवार्य
शासकीय कार्यालयों में समय पर उपस्थिति को लेकर कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शासकीय कार्यालय सुबह 10 बजे तक प्रारंभ हो जाने चाहिए और निर्धारित समय पर कामकाज भी शुरू होना चाहिए। अधिकारी एवं कर्मचारी सुबह 10 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहें, ताकि आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें
आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्रों के विसर्जन स्थलों का भ्रमण कर लें और वहां सुरक्षा, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा अन्य जरूरी इंतजामों का जायजा लें। विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, विकास कार्यों की गुणवत्ता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी इन प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी और तत्परता से कार्य करें।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minprdd
#mprevenudeptt #minprdd
31 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026