#बालाघाट
पीजी कॉलेज में सेवा संकल्प अभियान का हुआ समापन
जनसेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ एक माह तक चला अभियान
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालाघाट में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान का गरिमामय समापन किया गया। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल में किए गए जनकल्याणकारी कार्यों एवं विकास योजनाओं की जानकारी जनसामान्य तक पहुंचाना तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ना रहा।
एक माह तक चले इस अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’, स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता, ‘कहीं अनकही कहानियां’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता रैली, आंगनवाड़ी केंद्रों में सहभागिता, छात्रवृत्ति जागरूकता शिविर, पर्यावरण संरक्षण एवं डिजिटल जनजागरूकता जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एवं प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सोशल मीडिया के माध्यम से भी जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत 2047 के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
अभियान का समापन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के निर्देशन में डॉ. महावीर सिंह मरकाम की अध्यक्षता में हुआ। अभियान के सफल संचालन में वरिष्ठ प्राध्यापक पी.एस. कातुलकर तथा नोडल अधिकारी डॉ. डुलेश्वरी टेम्भरे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं जिला नोडल अधिकारी डॉ. सरिता खोब्रागड़े, सदस्य प्रो. सुखचंद ऐडे एवं डॉ. गजानन कटरे तथा मीडिया प्रभारी डॉ. ताराचंद बढ़घैया ने भी विभिन्न गतिविधियों के आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
अभियान को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की सराहनीय भूमिका रही। सेवा संकल्प अभियान ने विद्यार्थियों में जनसेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता और समर्पण की भावना को मजबूत किया। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाए जा सकते हैं।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP
42 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026