#बालाघाट
पीएम श्री शासकीय हाईस्कूल डाइट में सेवा संकल्प अभियान का समापन, विद्यार्थियों ने दी गरबा की मनमोहक प्रस्तुति
स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति जागरूकता सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को किया प्रेरित
पीएम श्री शासकीय हाईस्कूल डाइट, बालाघाट में एक माह तक चले सेवा संकल्प अभियान का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए आवश्यक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में नवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यालय में एक माह तक स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए किचन वेस्ट से जैविक खाद बनाने तथा वृक्षारोपण जैसी गतिविधियां कराई गईं। इसके साथ ही नशामुक्ति जागरूकता, योग, ध्यान दिवस, गांधी जयंती और विज्ञान प्रदर्शनी सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने तथा सेवा, स्वच्छता और सकारात्मक संकल्प के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्राचार्य ने बताया नवरात्रि का आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती गीता बंसपाल ने नवरात्रि पर्व के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ऋतु परिवर्तन के दौरान व्रत रखने की परंपरा के महत्व को समझाया। साथ ही मां दुर्गा के समक्ष गरबा करने के धार्मिक भाव, उसके अर्थ और सांस्कृतिक परंपरा के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और देश की परंपराओं पर गर्व करने तथा उनके संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
गरबा और भजनों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
नवरात्रि के उल्लासपूर्ण माहौल में आयोजित गरबा कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय के शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पारंपरिक गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। इस दौरान संगीत शिक्षक श्री पुनीत शर्मा के साथ शिक्षिकाओं श्रीमती सुनीता कटरे, श्रीमती खेमेश्वरी नागपुरे, श्रीमती ललिता चौधरी, श्रीमती ममता वराडे, श्रीमती नीता पटले, श्रीमती ज्योति पंचेश्वर, श्रीमती ममता मिश्रा तथा शिक्षक श्री संतोष चौधरी, श्री संतोष डालथोबिया एवं श्री मुकेश वडिचार ने सहभागिता की। वहीं, भजनों और जस की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए सेवा, संस्कार, स्वच्छता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। सेवा संकल्प अभियान के समापन पर विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और सकारात्मक कार्यों में निरंतर योगदान देने का संदेश दिया गया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP
25 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026