#बालाघाट
नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों के विकास कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा
35 ग्राम पंचायतों के लिए तैयार कार्ययोजना पर विभागवार चर्चा, स्वीकृत कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने शनिवार को जिले के नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र की 35 ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले 100 ग्रामों के समग्र विकास के लिए तैयार की गई कार्ययोजना की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, जनजातीय कार्य विभाग, विद्युत मंडल, महिला एवं बाल विकास, खाद्य आपूर्ति, ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशु चिकित्सा सेवाएं, मत्स्योद्योग विभाग तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों की बैठक लेकर प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने विभागवार प्रस्तावित कार्यों, उनकी अनुमानित लागत तथा स्वीकृत राशि की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन विकास कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, उन्हें निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। विकास कार्यों के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।
स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा योजनाओं की संयुक्त समीक्षा के निर्देश
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने बैठक में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्भवती माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा पोषण से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के खंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ), महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सप्ताह में एक बार संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इन बैठकों में कुपोषण, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की समग्र रूप से समीक्षा की जाए, ताकि संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके। गर्भवती माताओं एवं बच्चों के टीकाकरण और पोषण से संबंधित स्वास्थ्य विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के आंकड़ों में एकरूपता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
प्रत्येक सप्ताह होगी अनुश्रवण समिति की बैठक
कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अनुश्रवण समिति की बैठक प्रत्येक सप्ताह आयोजित करने के निर्देश दिए। इन बैठकों के माध्यम से विकास कार्यों की प्रगति, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा से संबंधित गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों के गांवों में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।
बैठक में बैहर एसडीएम श्री अनिकेत शांडिल्य, लांजी एसडीएम श्री आदित्य नारायण तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शत्रुघ्न सिंह दाहिया, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र सुंद्रियाल, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शकुंतला डामोर, सभी निर्माण विभाग के अधिकारी, सभी जनपद सीईओ, सभी बीएमओ एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी उपस्थित थे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #WelfareTribal #minprdd
37 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026