पहले दिन की जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनीं 64 शिकायतें
हरदोई। नवागत जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने पदभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को कलेक्ट्रेट में अपनी पहली जनसुनवाई की। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। जनसुनवाई में कुल 64 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य फरियादियों को त्वरित राहत उपलब्ध कराना है, इसलिए शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही फरियादियों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों की गुणवत्ता के साथ समीक्षा करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चन्द्र सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 23, 2026