नवागत जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों और कार्यालयों का किया निरीक्षण
हरदोई। नवागत जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर का भ्रमण कर विभिन्न पटलों एवं कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त कार्यालय, नजारत अनुभाग, संग्रह अनुभाग, भूलेख अनुभाग, जिला निर्वाचन कार्यालय, अभिलेखागार, जनसुनवाई/आईजीआरएस कार्यालय, शस्त्र अनुभाग, जिला प्रोबेशन कार्यालय तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय समेत अन्य कार्यालयों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके पटलों पर किए जा रहे कार्यों, लंबित पत्रावलियों और अभिलेखों की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने लंबित पत्रावलियों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अभिलेखों एवं पत्रावलियों को व्यवस्थित ढंग से रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पटलों पर पटल सहायक के नाम एवं पदनाम की पट्टिका अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर एवं सभी कार्यालयों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले फरियादियों एवं आमजन के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने पटल से संबंधित कार्यों में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शासन की प्राथमिकताओं एवं जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने को कहा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 23, 2026