डीएम ने जनसुनवाई के दूसरे दिन सुनीं 102 शिकायतें
हरदोई। नवागत जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दूसरे दिन जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 102 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की जांच निष्पक्ष रूप से की जाए और पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के साथ यह भी कहा कि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चंद्र सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 24, 2026