सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 विद्यालयों में करियर काउंसलिंग, 6115 छात्र-छात्राएं हुए लाभान्वित
हरदोई। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को जनपद के 17 विद्यालयों में करियर काउंसलिंग एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनपद के करीब 30 अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों में प्रतिभाग कर विद्यार्थियों को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी शिक्षा, रोजगार और विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। इन कार्यक्रमों से करीब 6115 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हुए। कार्यक्रमों में 200 से अधिक अध्यापकों के साथ करीब 330 अध्यापकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने भी सहभागिता की।
जनपद के प्रतिष्ठित वेणी माधव इंटर कॉलेज में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने विद्यार्थियों के साथ करियर काउंसलिंग एवं संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक तथा अधिशासी अभियंता आरईडी भी मौजूद रहे।
अधिशासी अभियंता आरईडी ने विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने आईआईटी प्रवेश परीक्षा समेत अन्य इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया के बारे में भी बताया।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में करियर के अवसरों के साथ ही विधि की शिक्षा और एलएलबी के माध्यम से कानून के क्षेत्र में करियर बनाने की संभावनाओं की जानकारी विद्यार्थियों को दी।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षा की प्रक्रिया, योग्यता, विषय चयन और तैयारी की रणनीति के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों ने पढ़ाई और करियर को लेकर विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने जवाब दिया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि जीवन में लक्ष्य पहले से निर्धारित कर उसके अनुरूप पढ़ाई करनी चाहिए। जिस विषय में रुचि और क्षमता हो, उसमें बेहतर करियर बनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सिविल सेवा की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए कक्षा छह से 12 तक की पुस्तकों का गंभीरता से अध्ययन उपयोगी होता है।
इसी क्रम में एसडीएम सदर श्री मयंक कुंडू ने विद्यापीठ इंटर कॉलेज बावन में विद्यार्थियों से संवाद किया। रफी अहमद किदवई इंटर कॉलेज में परियोजना अधिकारी, जिला विकास अधिकारी तथा डाइट प्रवक्ता शुभम शुक्ला ने विद्यार्थियों को करियर संबंधी जानकारी दी।
जनता इंटर कॉलेज पुरसौली में तहसीलदार सवायजपुर ने प्रतिभाग किया। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज हरियावां में प्रभागीय वन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला गन्ना अधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके प्रश्नों के उत्तर दिए।
एएसबीबी इंटर कॉलेज में उप कृषि निदेशक, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र एवं समाज कल्याण अधिकारी ने विद्यार्थियों को कृषि, उद्योग एवं विभिन्न सरकारी सेवाओं में करियर की संभावनाओं से अवगत कराया। आदर्श कृष्ण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज भदैचा में तहसीलदार सदर ने विद्यार्थियों से संवाद किया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बिलग्राम में नायब तहसीलदार बिलग्राम एवं सीडीपीओ ने छात्राओं को करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी देकर जागरूक किया। बाबा मनसानाथ इंटर कॉलेज बिलग्राम में पुलिस उपाधीक्षक बिलग्राम एवं जीजीआईसी की प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन दिया।
राष्ट्रपिता म्युनिसिपल इंटर कॉलेज शाहाबाद में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद किया। दयानंद इंटर कॉलेज सुरसा में खंड विकास अधिकारी एवं सीडीपीओ ने विद्यार्थियों को जागरूक किया। वैदिक विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हरदोई में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन, सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास के माध्यम से वे अपने पसंदीदा क्षेत्र में बेहतर करियर बना सकते हैं।
Bilgram, Hardoi | Sep 23, 2026