जालौन में तेंदुआ दिखने की सूचना से मचा हड़कंप, वन विभाग ने ड्रोन से शुरू की निगरानी
जालौन। कुठौंदा गांव में खेतों के आसपास तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कुछ ग्रामीणों ने खेत के पास तेंदुआ देखने का दावा करते हुए पुलिस और वन विभाग को जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद डायल-112 पुलिस टीम के साथ वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और इलाके में तलाश शुरू की।
ग्रामीणों के मुताबिक, वे खेतों की ओर चारा काटने गए थे। इसी दौरान उन्हें अचानक तेंदुआ नजर आया, जिसके बाद वे घबराकर वहां से वापस लौट आए। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी लेने के साथ आसपास के खेतों, झाड़ियों और अन्य संभावित स्थानों को खंगाला, लेकिन काफी तलाश के बावजूद तेंदुए का कोई सुराग नहीं मिला।
तेंदुए की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। टीम द्वारा ड्रोन कैमरे की मदद से खेतों, झाड़ियों और आसपास के इलाकों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी जंगली जानवर की गतिविधि का पता लगाया जा सके।
तेंदुआ दिखाई देने की खबर के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग फिलहाल खेतों में जाने से बच रहे हैं और एक-दूसरे को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। ग्रामीणों से विशेष रूप से चारा काटने या खेतों में काम करने के दौरान अकेले न जाने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी कोंच तहसील क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना सामने आई थी, जिसके बाद काफी समय तक ग्रामीणों में दहशत बनी रही थी। फिलहाल कुठौंदा गांव में तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग की टीम ड्रोन और अन्य माध्यमों से लगातार निगरानी कर रही है।
Orai, Jalaun | Sep 8, 2026