जालौन में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से निपटेंगे वर्षों पुराने मुकदमे
अंकुर श्रीवास्तव ✍️
जालौन। जिले में आगामी 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से वर्षों से लंबित मुकदमों के त्वरित निस्तारण का पक्षकारों को अवसर मिलेगा। आपसी सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का शांतिपूर्ण समाधान कराया जाएगा।
लोक अदालत की खास बात यह है कि इसमें मामलों के निस्तारण पर किसी तरह की कोर्ट फीस देय नहीं होगी। आपराधिक, राजस्व, बैंक ऋण, भूमि अधिग्रहण, उपभोक्ता विवाद, वैवाहिक मामले, टैक्स, बिजली चोरी, चेक बाउंस सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण किया जा सकेगा।
इसके अलावा ऐसे विवाद, जो अभी तक न्यायालय में दाखिल नहीं हुए हैं, उन्हें भी प्री-लिटिगेशन स्तर पर आपसी सुलह-समझौते के जरिए निपटाने का प्रयास किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मनाली चंद्रा ने पात्र पक्षकारों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचकर अपने विवादों का शांतिपूर्ण एवं त्वरित समाधान कराएं। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र लोगों से लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की है।
मामला जालौन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संबंधित है।
Orai, Jalaun | Sep 7, 2026