दो मेडिकल स्टोरों पर छापा, नारकोटिक्स दवाओं के नमूने लिए
उरई। नकली, अधोमानक, मिलावटी और नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सोमवार को स्वास्थ्य एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के दो मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दवाओं के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है।
नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने जिला अस्पताल रोड स्थित बजरंग मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। यहां नींद में इस्तेमाल होने वाली नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं का अधिक मात्रा में भंडारण पाया गया। टीम ने संचालक से संबंधित दवाओं के क्रय-विक्रय से जुड़े अभिलेख मांगे, लेकिन वह अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके।
इस पर टीम ने एक दवा का नमूना लेते हुए नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं के क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी। साथ ही संबंधित दवाओं का पूरा विवरण और आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद टीम ने विवेक मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया। यहां से एविल टैबलेट का नमूना जांच के लिए लिया गया। मेडिकल स्टोर संचालक को अन्य दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
औषधि निरीक्षक रेखा सचान ने बताया कि दोनों मेडिकल स्टोरों से लिए गए दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Orai, Jalaun | Sep 8, 2026