बाबा केदार के कपाट बंद होने से पहले धाम में शुरू हुआ ‘समेटो और गाड़ो’ अभियान!
सर्दियों के लिए जमीन में दफन हो रहा व्यापारियों का सामान
11 नवंबर को बंद होंगे बाबा केदारनाथ के कपाट,
अगले यात्रा सीजन में दोबारा कारोबार शुरू करने के लिए पैदल मार्ग से धाम तक व्यापारी जुटे सामान सुरक्षित करने में।
रुद्रप्रयाग। विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम में बाबा केदार के कपाट बंद होने की घड़ी नजदीक आते ही यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक रौनक समेटने का सिलसिला शुरू हो गया है। आगामी 11 नवंबर को प्रातः बाबा केदारनाथ के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद छह माह तक बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी।
कपाट बंद होने से पहले ही केदारनाथ पैदल मार्ग और धाम में अस्थायी दुकानें, ढाबे और अन्य कारोबार संचालित करने वाले व्यापारियों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया है। लेकिन यहां सामान समेटने का तरीका भी अपने आप में हैरान करने वाला है।
व्यापारी अपने कीमती सामान और कारोबार में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए जमीन में गड्ढे खोदकर उन्हें उसमें रख रहे हैं और ऊपर से मिट्टी डालकर ढक रहे हैं, ताकि बर्फबारी, कड़ाके की ठंड और प्रतिकूल मौसम के बीच उनका सामान सुरक्षित रह सके।
दरअसल, केदारनाथ धाम में सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी और विषम मौसमी परिस्थितियों के चलते सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। ऐसे में व्यापारी अपने सामान को यहां छोड़कर निचले क्षेत्रों की ओर लौटने की तैयारी कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि अगले वर्ष यात्रा शुरू होने पर दोबारा धाम पहुंचकर इसी सामान के सहारे अपना कारोबार शुरू कर सकें।
बाबा केदार की नगरी में छह माह तक चलने वाली यह खामोशी यहां की एक अलग तस्वीर बयां करती है। जहां कुछ दिन पहले तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़, जयकारे और कारोबार की चहल-पहल थी, वहीं अब धीरे-धीरे सब कुछ समेटा जा रहा है। धाम में रहने वाले व्यापारियों के लिए यह केवल कारोबार बंद करने का समय नहीं, बल्कि अगले यात्रा सीजन तक अपनी रोजी-रोटी और उम्मीदों को सुरक्षित रखने की कवायद भी है।
बर्फ की सफेद चादर ओढ़ेगी केदारनगरी, जमीन में दफन होगा कारोबार और अगले यात्रा सीजन में फिर लौटेगी रौनक #नमस्तेसहारा #viralreelschallenge #facebookviral #kedarnath #uttarakhand #rudraprayag #snowfall #newsfeed #shop #yatra