#Balrampur ! बैंकों और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा पर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, साइबर फ्रॉड से बचाव के बताए उपाय...
#बलरामपुर। जनपद में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए बलरामपुर पुलिस ने मंगलवार को बैंकों, डाकघरों, जनसेवा केंद्रों और अन्य वित्तीय संस्थानों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच के साथ सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता परखी गई और लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में चलाए गए अभियान में सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में वित्तीय संस्थानों का निरीक्षण किया। पुलिस टीमों ने बैंक व डाकघर परिसर और आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों से बातचीत कर सीसीटीवी कैमरे, फायर अलार्म सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति भी जांची गई।
अभियान के दौरान वित्तीय संस्थानों में मौजूद लोगों को सुरक्षित बैंकिंग के तौर-तरीके बताए गए और साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की गई। वहीं, बैंक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर विशेष नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए।
बलरामपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा मजबूत बनाने और साइबर अपराधों से आमजन को बचाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
#balrampurpolice
Balrampur, Balrampur | Nov 25, 2026