#Balrampur ! प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश...
जनप्रतिनिधियों ने उठाए क्षेत्रीय विकास व जनसमस्याओं के मुद्दे, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर...
#बलरामपुर। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग सतीश चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को जनपदीय समन्वय समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए। विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के मुद्दे उठाए। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की ओर से रखे गए विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाशनाथ शुक्ला, विधायक उतरौला राम प्रताप वर्मा, निवर्तमान विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू, नगर पालिका अध्यक्ष बलरामपुर धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
#balrampur