बलरामपुर में गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 का समापन, 11,234 मरीजों को मिला उपचार।
मेगा स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न प्रांतों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दीं सेवाएं, मरीजों को निशुल्क दवाएं वितरित।
बलरामपुर। नेशनल मेडिकल ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में संचालित गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 का मंगलवार को मेगा स्वास्थ्य शिविर के साथ समापन हुआ। श्री देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में राज्यमंत्री सतीश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मेगा शिविर में विभिन्न प्रांतों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 11,234 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार एवं निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर में हृदय, गुर्दा, तंत्रिका, हड्डी, दंत, नेत्र, बाल, पेट, छाती, त्वचा, स्त्री रोग, नाक-कान-गला और कैंसर रोग विशेषज्ञों ने मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर में रक्तचाप, मधुमेह सहित विभिन्न रक्त संबंधी जांच भी की गईं। सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या अधिक रही। जांच और परामर्श के बाद मरीजों को निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
आयोजन में कल्याण सिंह कैंसर संस्थान, बाबू बनारसी दास मेडिकल कॉलेज लखनऊ, मेडिकल कॉलेज अयोध्या, एससीपीएम गोंडा, बलरामपुर स्वास्थ्य विभाग और निदान हॉस्पिटल की टीम ने विशेष सहयोग दिया।
समापन समारोह में शिविर के सफल आयोजन में योगदान देने वाले चिकित्सकों एवं सहयोगियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में गुरु गोरक्षनाथ सेवा न्यास के अध्यक्ष एवं कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, सीएमओ डॉ. मुकेश रस्तोगी, एनएमओ प्रांत सचिव डॉ. शिवम मिश्रा, एससीपीएम निदेशक डॉ. आयुष पांडेय, मेडिकल कॉलेज गोंडा के प्राचार्य प्रो. संतोष कुमार वर्मा, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा समेत तमाम चिकित्सक, पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
11 हजार से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने वाला यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।
#Balrampur #बलरामपुर #GuruGorakhnath #स्वास्थ्यसेवा #स्वास्थ्यशिविर #MedicalCamp #NMO #गुरुगोरक्षनाथस्वास्थ्यसेवायात्रा #HealthCamp #FreeMedicalCamp #SatishSharma #MithileshNathYogi #DeviPatanMandir #तुलसीपुर #उत्तरप्रदेश #UPNews #BalrampurNews #BreakingNews #जनसेवा #निःशुल्कस्वास्थ्यसेवा #मेगा_स्वास्थ्य_शिविर #सामाजिकसेवा #स्वास्थ्य