#Balrampur ! गुरुनानक देव के प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारा सिंह सभा में गूंजे शबद-कीर्तन, संगत ने छका लंगर...
मानवता, भाईचारे और सेवा का दिया संदेश, श्रद्धा के साथ मनाया गया 557वां प्रकाशोत्सव...
#उतरौला (#बलरामपुर)। सिख धर्म के प्रथम गुरु गुरुनानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव उतरौला स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शबद-कीर्तन, अरदास, पाठ और गुरु के अटूट लंगर का आयोजन हुआ। गुरुद्वारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही रही।
प्रकाशोत्सव पर गुरुद्वारे को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर अरदास की। रागी जत्थे के शबद-कीर्तन से गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा। कीर्तन के माध्यम से गुरुनानक देव जी की शिक्षाओं, मानवता, आपसी भाईचारे और सेवा भाव का संदेश दिया गया।
कीर्तन दरबार के बाद गुरु का अटूट लंगर हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। लंगर में सभी धर्मों के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया, जो गुरुनानक देव जी की सांझीवालता और समानता की भावना का प्रतीक बना।
सेवादार बलवान सिंह ने बताया कि प्रकाशोत्सव पर प्रभातफेरी, पाठ और कीर्तन दरबार का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरदार दलबीर सिंह, गुरुविंदर सिंह, भूपेंद्र सिंह, हरमहेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, प्रीतपाल सिंह, तिरलोचन सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अनूप गुप्ता, सरोज कुमार सहित नगर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
#Utraula #balrampur