#Balrampur ! शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एएसपी ने थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश...
जनसुनवाई में भूमि विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर फ्रॉड व महिला उत्पीड़न की शिकायतें सुनीं, समयबद्ध कार्रवाई पर जोर...
#बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने जनसुनवाई कर विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिकायतों के गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, साइबर फ्रॉड और महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतें सामने आईं। एएसपी ने शिकायतों की प्रकृति के अनुसार संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों से गूगल मीट के जरिए संवाद कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी शिकायतों की जांच कर समयबद्ध और विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भूमि विवाद के मामलों में थाना समाधान दिवस पर राजस्व विभाग से समन्वय कर मौके पर पैमाइश और विवाद निस्तारण कराने को कहा।
महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। महिला उत्पीड़न के मामलों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने, मिशन शक्ति के तहत जागरूकता बढ़ाने तथा संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों को निगरानी रखने के निर्देश दिए।
साइबर फ्रॉड की शिकायतों को साइबर सेल भेजकर 24 घंटे के भीतर शिकायतकर्ता से संपर्क करने और कार्रवाई शुरू करने को कहा गया। जनसुनवाई के जरिए पुलिस ने शिकायतों के त्वरित निस्तारण और आमजन के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
#balrampurpolice