*नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 : डीग, कुम्हेर एवं बृजनगर के सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित*
*जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*
नगर/डीग, 08 सितम्बर। आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दृष्टिगत मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष की अध्यक्षता में डीग, कुम्हेर एवं बृजनगर निकाय क्षेत्रों के सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेन्द्र परमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश शर्मा, रिटर्निंग अधिकारी डीग अमित कुमार मीना सहित संबंधित निकायों के सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डीग, कुम्हेर और बृजनगर में 9 सितंबर को सायं 6:00 बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। इसके बाद चुनावी सभाओं, रैलियों एवं लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सार्वजनिक स्थलों तथा मतदान केंद्रों के आसपास लगे राजनीतिक बैनर, पोस्टर एवं होर्डिंग्स हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को लाइसेंसी हथियारों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कराने तथा जिन मतदान केंद्रों अथवा क्षेत्रों में पूर्व में चुनाव संबंधी विवाद या अप्रिय घटनाएं हुई हैं, वहां स्थिति के अनुरूप आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने 10 सितंबर को पोलिंग पार्टियों की रवानगी को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान दलों के लिए मतदान केंद्रों पर रात्रि विश्राम, भोजन आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। वहीं मतदान केंद्रों पर आने वाले मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, प्रकाश एवं पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर 100 मीटर एवं 200 मीटर की निर्धारित परिधि की स्पष्ट मार्किंग समय पर पूरी कर ली जाए। साथ ही मतदान केंद्रों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने वर्षा के कारण जलभराव वाले मतदान केंद्रों एवं संपर्क मार्गों पर आवश्यकतानुसार पंप लगाकर पानी की निकासी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर दरवाजे दुरुस्त रखने, क्रियाशील शौचालय, आवश्यक फर्नीचर एवं वोटर हेल्पडेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर स्थायी रैंप उपलब्ध नहीं हैं, वहां दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा के लिए अस्थाई रैंप तैयार कराए जाएं। मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता वाले मतदान केंद्रों पर टेंट तथा बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।