*स्वीप अभियान: कामां के छिछरवाड़ी, नगर व कुम्हेर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बांटे पीले चावल; घर-घर जाकर दिया शत-प्रतिशत मतदान का न्योता*
*लोकतंत्र के महापर्व में महिलाओं की अनूठी पहल; मांगलिक परंपरा से जोड़ा मताधिकार, बिना किसी लोभ-प्रलोभन के निष्पक्ष मतदान करने का किया आह्वान*
नगर/डीग, 08 सितम्बर। आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलेभर में मतदाता जागरूकता (स्वीप) कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिले के कामां ब्लॉक के छिछरवाड़ी सहित कुम्हेर एवं नगर क्षेत्र में महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व साथिनों द्वारा घर-घर जाकर पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार ‘पीले चावल’ बांटकर मतदाताओं को मतदान का भावभीना न्योता दिया गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भारतीय संस्कृति की मांगलिक परंपरा का निर्वहन करते हुए वार्डों एवं मोहल्लों में जनसंपर्क किया। कार्यकर्ताओं ने गृहणियों, युवाओं और बुजुर्गों को पीले चावल भेंट करते हुए आगामी मतदान दिवस पर सभी कार्य छोड़कर सबसे पहले मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डालने की अपील की। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सशक्त स्थानीय निकाय और नगर के सर्वांगीण विकास के लिए हर एक वोट अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः घर के सभी पात्र मतदाता अपनी जिम्मेदारी अवश्य निभाएं।
डोर-टू-डोर संपर्क के दौरान कार्यकर्ताओं ने आमजन को नैतिक मतदान का संदेश देते हुए समझाया कि किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव, जाति या धर्म के प्रभाव में आए बिना निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। कार्यकर्ताओं ने सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो तथा वोट हमारा है अधिकार, कभी न करें इसे बेकार जैसे नारों के माध्यम से वार्डवासियों को शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षकों एवं स्थानीय ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने बताया कि स्वीप गतिविधियों के तहत विशेष रूप से महिला मतदाताओं, नव-मतदाताओं एवं दिव्यांगजनों को मतदान बूथ तक लाने के लिए यह विशेष जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।