*नगरीय निकाय चुनाव 2026: मतदान से पूर्व कलक्टर मयंक मनीष व एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने कामां व पहाड़ी में परखीं चुनावी व्यवस्थाएं; संवेदनशील बूथों, स्ट्रॉन्ग रूम व सुरक्षा प्रबंधों का लिया जायजा*
*कामां एवं पहाड़ी के 17 मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण; स्ट्रॉन्ग रूम, सीसीटीवी व काउंटिंग रूम की जांची सुरक्षा व्यवस्था; 100-200 मीटर मार्किंग, बैरिकेडिंग कराने के दिए निर्देश*
नगर/डीग, 08 सितम्बर। आगामी 9 सितंबर को होने वाले नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) मयंक मनीष एवं जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने मंगलवार को कामां एवं पहाड़ी निकाय क्षेत्रों का संयुक्त सघन दौरा किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों, स्ट्रॉन्ग रूम, ईवीएम रिजर्व रूम तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम का स्थलीय मुआयना कर प्रशासनिक व सुरक्षा प्रबंधों की जमीनी हकीकत परखी।
कामां क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर एवं एसपी ने पीएम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (2 बूथ), राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (2 बूथ), राजकीय आंबेडकर छात्रावास (1 बूथ) तथा आंबेडकर भवन स्थित 1 मतदान केंद्र का अवलोकन किया। अधिकारियों ने स्ट्रॉन्ग रूम, काउंटिंग रूम, ईवीएम रिजर्व कक्ष तथा सीसीटीवी मॉनिटरिंग रूम की सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की समीक्षा के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बूथों के संवेदनशील होने के स्थानीय कारणों की बिंदुवार जानकारी ली। इस दौरान मिली कमियों को तत्काल दूर करने तथा एक मतदान केंद्र के पास पड़ी निर्माण सामग्री को अविलंब हटवाने के निर्देश अधिशासी अधिकारी कामां को दिए। तत्पश्चात उपखण्ड अधिकारी कार्यालय कामां में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निवारक कदम उठाने, आचार संहिता की पालना और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला पुलिस अधीक्षक ने पहाड़ी नगर पालिका क्षेत्र का दौरा किया। यहां उन्होंने केसरी सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्थापित 6 मतदान केंद्रों, एमडी उच्च माध्यमिक विद्यालय में 4 मतदान केंद्रों तथा आंबेडकर भवन स्थित 1 मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने यहां भी ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम, रिजर्व ईवीएम कक्ष, सीसीटीवी लाइव फीड रूम एवं काउंटिंग रूम की सुरक्षा व तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उपखण्ड अधिकारी कार्यालय, पहाड़ी में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल की अक्षरशः पालना पर बल दिया। उन्होंने पुलिस विभाग को मुस्तैदी के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा संबंधित अधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, निर्बाध विद्युत, रैंप, फर्नीचर एवं शौचालय जैसी सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान केंद्रों पर बैरिकेडिंग कराने, 100 मीटर एवं 200 मीटर विधिक परिधि की स्पष्ट मार्किंग सुनिश्चित करने तथा आयोग द्वारा निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया प्रारंभ एवं संपन्न कराने के निर्देश दिए।