घुरमी में दो महीने से जला 25 केवीए ट्रांसफार्मर, ग्रामीण परेशान
40 से अधिक कनेक्शन प्रभावित, छह बार शिकायत के बाद भी नहीं बदला ट्रांसफार्मर
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
बारा, प्रयागराज। बारा क्षेत्र के घुरमी गांव में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर करीब दो महीने से जला पड़ा है। इससे 40 से अधिक बिजली कनेक्शन प्रभावित हैं और ग्रामीणों को लगातार बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर जलने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों से करीब छह बार शिकायत की जा चुकी है। हर बार जल्द ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन दिया गया, लेकिन दो महीने बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से रात में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं गर्मी और अंधेरे के कारण महिलाओं, बुजुर्गों तथा अन्य ग्रामीणों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। मोबाइल चार्ज करने से लेकर घरेलू कामकाज तक प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर तत्काल 25 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो समस्या को लेकर उच्चाधिकारियों से पुनः शिकायत की जाएगी।
Bara, Allahabad | Sep 15, 2026