प्रयागराज में दिनदहाड़े सपा नेता की गोली मारकर हत्या, तीन बाइक सवार हमलावरों से मचा हड़कंप
बातचीत के बीच अचानक बरसीं गोलियां, पीठ में गोली लगने से पवन यादव की मौत; वारदात के बाद फरार हुए हमलावर
यूपी हेड मनोज कुमार बिन्द
हंडिया, प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार तीन बदमाशों ने बातचीत के दौरान सपा नेता पवन यादव पर कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से पवन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उनकी पीठ में गोली मारी और वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से मौके से फरार हो गए। घायल पवन यादव को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना पीलर नंबर 52 के पास होने की बात सामने आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फोर्स मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के साथ पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
तीन हमलावरों की तलाश तेज
पुलिस बाइक सवार तीनों संदिग्ध हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
दिनदहाड़े सपा नेता की हत्या से क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
Bara, Allahabad | Sep 15, 2026