निषाद पार्टी ने सदस्यता अभियान चलाकर भरी हुंकार, 20 सितंबर के कार्यक्रम की बनाई रणनीति
पहलूकापुरा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की बैठक, 25 नए सदस्य पार्टी से जुड़े; परेड ग्राउंड में जुटने का संकल्प
जसरा, प्रयागराज। जसरा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सभा जारी के मजरा पहलूकापुरा में सोमवार को निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। आगामी 20 सितंबर को प्रयागराज के परेड ग्राउंड में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद के प्रस्तावित आगमन को लेकर कार्यक्रम की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान पार्टी की ओर से सदस्यता अभियान भी चलाया गया। इसमें 25 लोगों ने निषाद पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नए सदस्यों का कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने स्वागत किया। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा।
बैठक की मुख्य अतिथि निषाद पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एवं राज्य महिला आयोग की सदस्य जनक नंदिनी निषाद रहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी 20 सितंबर के परेड ग्राउंड कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से होती है।
विशिष्ट अतिथि प्रदेश सचिव राकेश निषाद, जिला उपाध्यक्ष राम आसरे बिंद, जसरा ब्लॉक अध्यक्ष अनीता बिंद तथा पहलूकापुरा बूथ अध्यक्ष सीता बिंद रहीं। बैठक में कुमकुम बिंद, ममता बिंद, सीता बिंद सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में आगामी कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। पदाधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने और 20 सितंबर के कार्यक्रम की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने 20 सितंबर को परेड ग्राउंड में होने वाले विशाल कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उसे सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। बैठक के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रम को लेकर उत्साह नजर आया।फोटो कैप्शन: पहलूकापुरा में निषाद पार्टी की बैठक में मौजूद पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।
Bara, Allahabad | Sep 14, 2026