ढोल-ताशे और डीजे की धुन पर पंडालों में विराजमान हुए गजानन
गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा बारा, भगवा झंडों के साथ नाचते-गाते निकले श्रद्धालु
यूनाइटेड भारत बारा
मनोज कुमार बिन्द
बारा, प्रयागराज। गणेश चतुर्थी के अवसर पर रविवार रात बारा क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। रात करीब आठ बजे विभिन्न स्थानों पर सजाए गए गणेश पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विधि-विधान के साथ विराजमान कराया गया। इससे पहले श्रद्धालुओं ने ढोल-ताशे और डीजे की धुन पर भव्य शोभायात्रा निकाली। इस दौरान बारा का वातावरण ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्त हाथों में भगवा झंडे लेकर नाचते-गाते गणपति प्रतिमाओं के साथ बारा बाजार में भ्रमण करते नजर आए। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। ढोल-ताशों की थाप और धार्मिक गीतों पर युवा जमकर झूमते रहे। महिलाएं और बच्चे भी उत्साहपूर्वक शोभायात्रा में शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान बारा बाजार में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। गणपति की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए सड़क के किनारे बड़ी संख्या में लोग एकत्रित रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
शोभायात्रा निर्धारित पंडालों में पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच गणपति की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। प्रतिमा स्थापित होते ही पंडालों में पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हो गया। आयोजकों की ओर से पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
देर रात तक बारा स्थित भैरव बाबा मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा। गणपति बप्पा के जयकारों, ढोल-ताशों और धार्मिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
Bara, Allahabad | Sep 14, 2026