#बालाघाट
कृषि के साथ मछली और मुर्गी पालन से संवारी तकदीर
30 डिसमिल जमीन में एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाकर सालाना 9 से 10 लाख रुपये का मुनाफा, विकासखंड स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित हुए विजय राहंगडाले
जिले के ग्राम केशलेवाड़ा के किसान विजय राहंगडाले ने कृषि के साथ मछली पालन एवं मुर्गी पालन को जोड़कर एकीकृत कृषि प्रणाली का सफल उदाहरण प्रस्तुत किया है। बीए तक शिक्षा प्राप्त विजय ने पारंपरिक खेती के साथ कृषि आधारित अन्य गतिविधियों को अपनाकर अपनी आजीविका के नए अवसर विकसित किए हैं। उनके इस प्रयास से सालाना करीब 9 से 10 लाख रुपये का मुनाफा हो रहा है।
विजय राहंगडाले लगभग 30 डिसमिल जमीन में आरएएफ प्रणाली से मछली पालन कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने व्यवस्थित तालाब तैयार किया है। वे तालाब की नियमित देखरेख, पानी की गुणवत्ता और उचित प्रबंधन पर विशेष ध्यान देते हैं। इसके साथ ही मुर्गी पालन भी कर रहे हैं। कृषि, मछली पालन और मुर्गी पालन को एक साथ संचालित कर उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया है।
विजय के अनुसार, इन गतिविधियों से सालाना करीब 9 से 10 लाख रुपये का मुनाफा होता है, जबकि लगभग 3 से 4 लाख रुपये खर्च होते हैं। मत्स्य पालन के क्षेत्र में उनके प्रयासों को देखते हुए उन्हें विकासखंड स्तरीय मत्स्य पालन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
विजय राहंगडाले की यह पहल बताती है कि किसान केवल पारंपरिक फसल उत्पादन पर निर्भर रहने के बजाय कृषि के साथ मछली पालन और मुर्गी पालन जैसी गतिविधियां अपनाकर अपनी आय के स्रोत बढ़ा सकते हैं। उनकी एकीकृत कृषि प्रणाली अन्य किसानों और ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार की दिशा में प्रेरणादायी उदाहरण है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #AgriGoI #minmpkrishi
#fisheries_mp