#बालाघाट में पर्यटन विकास को मिलेगी नई पहचान, रोजगार के अवसरों पर भी होगा फोकस
जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा
जिले में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए पर्यटन स्थलों के विकास, स्थानीय संस्कृति के संरक्षण और पर्यटन के माध्यम से रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में पहल की जाएगी। इसी उद्देश्य से 18 नवंबर को कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पर्यटन गतिविधियों को विस्तार देने, पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करने तथा स्थानीय लोगों को पर्यटन से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में कहा कि बालाघाट जिले में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। पर्यटन को स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और रोजगार से जोड़ने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाएंगे। बैठक में प्राप्त सुझावों पर अमल करने के साथ ही जिले के पर्यटन स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक विशेष वेबसाइट तैयार की जाएगी। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख सड़कों पर पर्यटन स्थलों की जानकारी देने वाले आकर्षक साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
बैगा हाट में जनजातीय समुदाय को मिलेगी प्राथमिकता
बैठक में कान्हा राष्ट्रीय उद्यान से लगे ग्राम लगमा में विकसित बैगा हाट के संचालन पर विशेष चर्चा हुई। बताया गया कि यहां 15 दुकानें बनाई गई हैं तथा 3 हजार वर्गफीट क्षेत्र में वर्कशॉप का निर्माण किया गया है। बैगा हाट में दुकानों के आवंटन में बैगा जनजाति के लोगों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। इसके लिए बैहर एसडीएम श्री अनिकेत शांडिल्य की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिए गए। समिति में जनपद पंचायत सीईओ, एसडीओ फॉरेस्ट, कान्हा टाइगर रिजर्व के अधिकारी तथा आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक सदस्य रहेंगे।
होम-स्टे से ग्रामीण पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटकों को ग्रामीण परिवेश और स्थानीय जीवनशैली का अनुभव कराने के उद्देश्य से बालाघाट विकासखंड के ग्राम केरा एवं पिपरटोला (टेकाड़ी) में 10-10 होम-स्टे तैयार किए जा चुके हैं। वहीं बैहर विकासखंड के ग्राम मुक्की एवं लगमा में भी 10-10 होम-स्टे का निर्माण कार्य जारी है। इन होम-स्टे में फिलहाल ऑफलाइन माध्यम से बुकिंग की जा रही है। केरा एवं पिपरटोला के होम-स्टे में बालाघाट के स्थानीय पर्यटकों के साथ अन्य राज्यों से भी पर्यटक पहुंच रहे हैं। बैठक में गांगुलपारा बांध में नौका विहार की सुविधा शुरू करने तथा सातनारी एवं गांगुलपारा जलप्रपात को पर्यटकों के लिए खोलने का सुझाव भी दिया गया।
105 महिलाओं को मिल रहा बांस शिल्प और गोंडी पेंटिंग का प्रशिक्षण
ग्राम टेकाड़ी में पर्यटन विभाग की संस्था द्वारा संचालित सोवेनियर सेंटर के माध्यम से 105 महिलाओं को बांस शिल्प एवं गोंडी पेंटिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को पारंपरिक कला में दक्ष बनाकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
बैठक में बैगा जनजाति की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक खेलों एवं रीति-रिवाजों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए बैगा महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस महोत्सव में बालाघाट सहित अन्य जिलों एवं राज्यों में निवासरत बैगा जनजाति के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान बनाने लगेंगे क्यूआर कोड वाले साइन बोर्ड
बैठक में कान्हा टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की सुविधा के लिए बिरवा एयर स्ट्रिप को पुनः प्रारंभ करने की आवश्यकता बताई गई। इसके साथ ही सोनेवानी अभयारण्य के आसपास होम-स्टे विकसित करने का सुझाव दिया गया। परिषद के सदस्य श्री अभय कोचर ने बालाघाट-गोंदिया राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले की प्रमुख सड़कों पर पर्यटन स्थलों के साइन बोर्ड लगाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इन बोर्डों पर संबंधित पर्यटन स्थल की लोकेशन बताने वाले क्यूआर कोड भी लगाए जाने चाहिए, ताकि पर्यटक उन्हें स्कैन कर आसानी से संबंधित स्थल तक पहुंच सकें।
फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट युवाओं को दे रहा रोजगारपरक प्रशिक्षण
बैठक में गोंगलई, बालाघाट में संचालित फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट की गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। संस्थान के संचालक ने बताया कि यहां युवाओं को छह माह का फूड क्राफ्ट डिप्लोमा कराया जा रहा है। इसमें 5-स्टार एवं 3-स्टार होटलों में भोजन तैयार करने और परोसने का प्रशिक्षण दिया जाता है। 30 सीट क्षमता वाले इस संस्थान में छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध है। 12 एकड़ में फैले संस्थान में देश के 29 राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के साथ थाई, मैक्सिकन, जापानी एवं चाइनीज व्यंजन तैयार करने का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। यहां से डिप्लोमा प्राप्त युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
धार्मिक पर्यटन को भी विकसित करने पर जोर
बैठक में जिले में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि रामपायली में पर्यटन विभाग द्वारा 17 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से केशव बलिराम हेडगेवार म्यूजियम का निर्माण किया गया है। वहीं लांजी स्थित कोटेश्वर मंदिर में कॉरिडोर एवं यात्री निवास विकसित करने की आवश्यकता बताई गई।
बैठक में समिति के समन्वयक श्री विकास रघुवंशी, समिति सदस्य श्री अभय कोचर, श्री जीआर घोड़ेश्वर, श्री वीरेंद्र सिंह गहरवाल, श्री अमित रंगलानी, ग्राम पंचायत टेकाड़ी की सरपंच श्रीमती रश्मि तारा कावरे, गोंडी आर्ट प्रशिक्षक पूजा सोनी एवं प्रमिला मरकाम, नूतन कला निकेतन के रूपकुमार बनवाले, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री श्री मनोज धुर्वे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।
#minculturemp #tourismdeptmp #CMMadhyaPradesh #tourismgoi #JansamparkMP #Archaeology
2 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 18, 2026