#बालाघाट
जल जीवन मिशन के तहत स्कूलों में स्टोरी लेखन प्रतियोगिता आयोजित
जल संरक्षण और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता का दिया संदेश
जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिले के विभिन्न विकासखंडों के शासकीय स्कूलों में छात्र-छात्राओं के लिए स्टोरी लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यपालन यंत्री श्री बी.एल. उइके के मार्गदर्शन में किरनापुर विकासखंड के देवगांव, वारासिवनी के सरण्डी एवं कौलीवाड़ा, खैरलांजी के गुडरूघाट तथा परसवाड़ा के ठेमा स्थित शासकीय स्कूलों में प्रतियोगिता संपन्न हुई।
प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से ग्रामीणों में सुरक्षित पेयजल और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता लाना था। विद्यार्थियों ने नल जल योजना से जीवन में आए बदलाव, पेयजल की गुणवत्ता, जल स्रोतों की सुरक्षा, स्वच्छता, सामुदायिक सहभागिता और 'सुजल ग्राम' की परिकल्पना जैसे विषयों पर रचनात्मक कहानियां लिखीं।
कार्यक्रम में शाला के प्राचार्यों, शिक्षकों, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ब्लॉक समन्वयक श्रुति गजभिये तथा नई रोशनी संस्था के आईएसए फील्ड कोऑर्डिनेटर का सहयोग रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे अपने परिवार और गांव को जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट लेखन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया।
#cmmadhyprdesh #JansamparkMP #schooledump #minphemp