#बालाघाट
बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यशाला
विद्यार्थियों को कानून के प्रावधानों की दी जानकारी
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत गांधी विद्या मंदिर हाई स्कूल, वारासिवनी में विद्यार्थियों के लिए बाल विवाह रोकथाम जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देकर बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसे रोकने में कानून की भूमिका से अवगत कराया गया।
कार्यशाला में बताया गया कि कानून के अनुसार 18 वर्ष से कम आयु की बालिका और 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। अधिनियम की धारा 3 के तहत बाल विवाह को निरस्त कराने का प्रावधान है। विद्यार्थियों को बताया गया कि धारा 10 के अंतर्गत बाल विवाह संपन्न कराने वाले व्यक्ति तथा धारा 11 के तहत बाल विवाह को बढ़ावा देने, अनुमति देने अथवा इसे रोकने में लापरवाही बरतने वाले व्यक्तियों के लिए दो वर्ष तक के कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
इसके अलावा धारा 13 के तहत न्यायालय को बाल विवाह रोकने के लिए निषेधाज्ञा जारी करने का अधिकार है। वहीं, धारा 15 के अनुसार इस अधिनियम के अंतर्गत अपराध संज्ञेय एवं गैर-जमानती हैं। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक रहने और इस सामाजिक कुप्रथा को रोकने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp