#बालाघाट
जल संसाधन विभाग की विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक संपन्न
कर्मचारियों की लंबित आर्थिक एवं सेवा संबंधी समस्याओं के निराकरण की उठी मांग
समयमान वेतनमान के एरियर भुगतान, सातवें वेतनमान का लाभ और जीपीएफ पासबुक संधारण सहित विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
जल संसाधन विभाग के वैनगंगा संभाग की विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक गुरुवार को कार्यपालन यंत्री श्री योगेन्द्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारी संगठनों की ओर से विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की लंबित समस्याओं, वेतनमान, एरियर भुगतान, सेवा अभिलेखों के संधारण एवं अन्य कर्मचारी हितैषी विषयों को प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस बालाघाट के जिला अध्यक्ष श्री सजल मस्की ने समयमान वेतनमान के अंतर्गत विभागीय आदेश जारी होने के बावजूद कर्मचारियों के लंबित एरियर का तत्काल भुगतान कराने की मांग रखी। उन्होंने जल संसाधन विभाग में कार्यरत, मृत एवं सेवानिवृत्त स्थायी कर्मियों तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को वर्ष 2004 से न्यूनतम वेतनमान का लाभ दिलाने की मांग की। साथ ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बालाघाट के स्थायी कर्मियों के समान वर्ष 2016 से सातवें वेतनमान का लाभ प्रदान करने का मुद्दा भी उठाया।
श्री मस्की ने विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं का नियमित संधारण करने, जीपीएफ पासबुक एवं नवीन अंशदायी पेंशन योजना की पासबुक अद्यतन रखने तथा अर्जित अवकाश की नियमानुसार प्रविष्टि करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सेवा पुस्तिकाओं में संबंधित शासकीय सेवकों के हस्ताक्षर भी अनिवार्य रूप से कराए जाएं, ताकि कर्मचारियों के सेवा संबंधी अभिलेख व्यवस्थित एवं अद्यतन रहें।
बैठक में सभी स्थायी कर्मियों को वित्त विभाग के निर्देशानुसार बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ प्रदान करने तथा न्यायालयीन प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा जल संसाधन विभाग में अपने कार्यक्षेत्र में नवाचार एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित करने का सुझाव दिया गया। कर्मचारी संगठनों ने विभागीय कार्यालयों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं अन्य महापुरुषों के छायाचित्र लगाए जाने की मांग भी रखी।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे कार्यपालन यंत्री श्री योगेन्द्र सिंह ठाकुर ने कर्मचारी संगठनों द्वारा प्रस्तुत एजेंडे का सूक्ष्मता से अध्ययन किया तथा उठाए गए विषयों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। बैठक में मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष श्री संतोष प्रधान, मध्यप्रदेश पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष श्री अरुण बिरणवार, मध्यप्रदेश वाहन चालक संघ बालाघाट के जिला अध्यक्ष श्री मोहम्मद कुरैशी, मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष श्री दिनेश इंगोले एवं श्री जितेन्द्र नेवारे तथा मध्यप्रदेश वन कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष श्री घनश्याम धरते सहित जल संसाधन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minphemp