सड़क सुरक्षा अभियान में 23 वाहन चालकों पर कार्रवाई, ₹78,500 जुर्माना वसूला
लखीसराय। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिला परिवहन विभाग की टीम ने विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। परिवहन विभाग के निर्देशानुसार रेलवे स्टेशन और विद्यापीठ चौक पर नाबालिग चालकों द्वारा टोटो एवं ऑटो चलाने की जांच की गई। वहीं, डीएवी मोड़ से बालगुदर तक विशेष हेलमेट जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 23 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इनसे कुल 78,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
जांच के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट उपयोग, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने, ट्रैक्टरों के आवश्यक कागजात और बसों की छतों पर यात्रियों के अनधिकृत परिवहन की जांच की गई। इसके अलावा वाहनों की निर्धारित गति सीमा के पालन सहित अन्य यातायात नियमों की भी जांच की गई। विभाग ने सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की।