पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, डीएम ने 17 बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक
1.86 लाख से अधिक बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाने का लक्ष्य, 532 टीमें और 157 सुपरवाइजर तैनात
लखीसराय। जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को सदर अस्पताल परिसर में पांच दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने 17 बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. बीपी सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
अभियान 22 से 26 नवंबर तक जिले के सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में चलाया जाएगा। इसके तहत शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 1,86,586 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले के 1,97,138 घरों तक पहुंचने की योजना है। अभियान के सफल संचालन के लिए 532 टीमें गठित की गई हैं, जबकि निगरानी के लिए 157 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।