चित्रकला प्रतियोगिता में राखी और अंजलि ने मारी बाजी, बनीं प्रथम
विश्व विरासत सप्ताह के चौथे दिन लखीसराय संग्रहालय में आयोजित हुई प्रतियोगिता, 80 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
लखीसराय। विश्व विरासत सप्ताह के चौथे दिन रविवार को सदर प्रखंड के बालगुदर स्थित लखीसराय संग्रहालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 80 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय कैंदी सिंहपुर, सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल प्लस टू उच्च विद्यालय बालगुदर, मध्य विद्यालय बालगुदर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोविंदबीघा, मध्य विद्यालय इंग्लिश, विद्या भवन बालिका विद्यापीठ एवं प्राथमिक विद्यालय मुसहरी टोला दरियापुर के प्रतिभागियों ने अपनी कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सहायक संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार, तकनीकी सहायक राजेश कुमार, समन्वयक शिक्षक पीयूष कुमार झा तथा निर्णायक शिक्षक रणवीर कुमार और ललन कुमार की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने संग्रहालय की वीथिकाओं में प्रदर्शित विभिन्न मूर्तियों एवं कलाकृतियों के आकर्षक चित्र बनाए।
सीनियर ग्रुप में पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय कैंदी सिंहपुर की राखी कुमारी ने प्रथम, इसी विद्यालय की वीणा कुमारी ने द्वितीय तथा विद्या भवन बालिका विद्यापीठ की कोमल भारती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर ग्रुप में विद्या भवन बालिका विद्यापीठ की अंजलि आर्या प्रथम, मध्य विद्यालय इंग्लिश के सुधांशु कुमार द्वितीय तथा मध्य विद्यालय बालगुदर की चांदनी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
सभी सफल प्रतिभागियों को 25 नवंबर को विश्व विरासत सप्ताह के समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर संग्रहालय के सभी कर्मी उपस्थित थे।
वहीं, मंगलवार को विरासत सप्ताह के तहत बालगुदर गढ़ टीला से राहोगढ़ टीला, शिवगंगा होते हुए अशोक धाम तक विरासत यात्रा का आयोजन किया जाएगा।