# लखीसराय में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 17 बच्चों को पिलाई गई दो बूंद जिंदगी की
**जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने सदर अस्पताल में किया उद्घाटन, 1.86 लाख से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य**
**लखीसराय, 22 नवंबर।** जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के संकल्प के साथ रविवार से पांच दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। सदर अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने 17 बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जे.पी. सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
अभियान 22 से 26 नवंबर तक जिले के सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। इसके तहत 1,97,138 घरों तक पहुंचकर शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 1,86,586 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की सफलता के लिए 532 टीमें गठित की गई हैं, जबकि निगरानी के लिए 157 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा के दौरान पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा सके।
इस दौरान जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक बच्चे को पोलियोरोधी खुराक पिलाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि **एक भी बच्चा छूट गया तो सुरक्षा चक्र टूट गया।** उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं को घर-घर जाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया।
सिविल सर्जन एवं जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान नियमित रूप से घर-घर भ्रमण किया जाएगा। वहीं, किसी कारणवश छूटे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 28 नवंबर को विशेष भ्रमण किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने में सहयोग करें।