कालपी में सामाजिक न्याय सम्मेलन, पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर
कालपी। विधानसभा क्षेत्र 220 कालपी में कांग्रेस के ओबीसी प्रकोष्ठ की ओर से सामाजिक न्याय भागीदारी सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें पिछड़े, वंचित और कमजोर तबकों को संगठन तथा राजनीति में अधिक प्रतिनिधित्व देने के साथ कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर चर्चा हुई।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद ने कहा कि सामाजिक न्याय को प्रभावी बनाने के लिए वंचित वर्गों की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर लोगों को सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों और पार्टी की नीतियों से जोड़ने का आह्वान किया।
ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज की समस्याओं और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाता रहेगा।
कार्यक्रम के आयोजक ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर राहुल राय प्रजापति ने अतिथियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय और समान भागीदारी के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर और प्रतिनिधित्व मिलना जरूरी है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच सक्रिय रहकर सामाजिक मुद्दों को उठाने तथा संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
Orai, Jalaun | Aug 23, 2026