बुलडोजर के बाद फिर सजा बाजार, शाम होते ही लौट आया अतिक्रमण !!
उरई। बजरिया रोड पर रविवार को नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। ईओ रामअचल कुरील, टीएस गणेश प्रसाद और सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम बुलडोजर लेकर पहुंची तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने कार्रवाई से पहले ही तिरपाल, टिन शेड और सड़क-फुटपाथ पर रखा सामान आदि खुद हटाना शुरू कर दिया। नालियों के ऊपर किए गए कब्जे भी हटाए गए। अभियान के तुरंत बाद सड़क कुछ हद तक चौड़ी नजर आई और कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था भी बेहतर दिखी।
नगर पालिका ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर जुर्माने के साथ सामान जब्त किया जाएगा। हालांकि, जानकारी के मुताबिक अधिकारियों के लौटते ही शाम तक कई दुकानदारों ने फिर फुटपाथ और सड़क किनारे सामान सजा लिया, जिससे अभियान की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे। स्थानीय लोगों ने नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं नगर पालिका प्रशासन के अनुसार आगामी त्योहारों के बाद यह अभियान दोबारा चलाया जाएगा। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त करने के साथ नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।
बता दें कि चूड़ी बाजार, खोया मंडी और माहिल तालाब आदि क्षेत्र में दुकानों के बाहर, फुटपाथ व नालियों आदि पर अतिक्रमण के कारण लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई है। राहगीरों को भी सड़क पर चलने और वाहन चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
Orai, Jalaun | Aug 23, 2026