भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, विधायक अंकुर राज तिवारी के नेतृत्व में हुआ भव्य अभिनंदन
संतकबीरनगर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के जनपद आगमन पर खलीलाबाद के नेदुला बाईपास पर भव्य स्वागत किया गया। विधायक अंकुर राज तिवारी के नेतृत्व में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन हुआ। इस दौरान भाजपा के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
दरअसल, संगठनात्मक प्रवास पर गोरखपुर की ओर से संतकबीरनगर पहुंचे पंकज चौधरी का काफिला जैसे ही नेदुला बाईपास पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
विधायक अंकुर राज तिवारी स्वयं स्वागत की कमान संभालते नजर आए। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भारी भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। स्वागत से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और स्नेह की सराहना की। इसके बाद उनका काफिला भाजपा जिला कार्यालय के लिए रवाना हो गया।