मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रोहित पांडेय ने वृद्धाश्रम और बाल आश्रम में बांटे फल, वस्त्र व कंबल
संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर वरिष्ठ सपा नेता रोहित पांडेय ने सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की। उन्होंने समर्थकों के साथ वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्ग महिलाओं को फल और कंबल वितरित किए तथा उनके बेहतर खान-पान की व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
इसके बाद इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बाल आश्रम में बच्चों को फल, वस्त्र और कंबल बांटे। उन्होंने बच्चों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े, स्वेटर और जूते उपलब्ध कराने के साथ उनकी शिक्षा में सहयोग का आश्वासन दिया। रोहित पांडेय ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव का जीवन गरीबों, असहायों और वंचितों की सेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी प्रेरणास्रोत हैं। जरूरतमंदों की सेवा करना ही नेताजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।