मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, सड़क जाम
जहानाबाद। परसबिगहा थाना क्षेत्र के चुनपुरा गांव में चार-पांच दिन पूर्व आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान चुनपुरा गांव निवासी मनसा देवी के रूप में हुई है। मौत की खबर मिलते ही स्वजन में आक्रोश फैल गया और उन्होंने जहानाबाद-सकुराबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
बताया जाता है कि मारपीट की घटना में मनसा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। स्वजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
स्वजन का आरोप है कि घटना के बाद वे प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए परसबिगहा थाना पहुंचे थे, लेकिन उनका आवेदन नहीं लिया गया। महिला की मौत के बाद आक्रोशित स्वजन ने इसी को लेकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परसबिगहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित स्वजन को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के समझाने के बाद स्वजन ने सड़क से जाम हटा लिया और आवागमन सामान्य हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
#एसपीजहानाबाद #डीजीपी #igगया #विकाश