वाणावर पहाड़ पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 60 हजार से अधिक भक्तों ने किया जलाभिषेक
मखदुमपुर। सावन की त्रयोदशी के मौके पर बुधवार को ऐतिहासिक वाणावर पहाड़ स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जिले के अलावा बिहार के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे 60 हजार से अधिक भक्तों ने मंदिर के पास बनाए गए अर्घा सिस्टम के जरिए बाबा सिद्धनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। भक्तों के जयघोष से पूरा वाणावर क्षेत्र शिवमय नजर आया।
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण मंदिर परिसर और पहाड़ी मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मंदिर परिसर में दंडाधिकारी के साथ पुलिस अधिकारी और जवान भी मुस्तैद रहे। प्रशासन की टीम भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखती रही और श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित करने में जुटी रही।
मंदिर प्रबंधक भानु प्रताप उर्फ गुड्डू बाबा ने बताया कि सावन का महीना समाप्ति की ओर है, इसके बावजूद बाबा सिद्धनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की संख्या में कमी नहीं आ रही है। बुधवार को 60 हजार से अधिक भक्तों ने अर्घा सिस्टम के माध्यम से जल चढ़ाया।
सावन के दौरान अब तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा सिद्धनाथ मंदिर पहुंच चुके हैं। लगातार उमड़ रही भीड़ के कारण वाणावर पहाड़ का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।