ईद-मिलाद-उन-नबी के जुलूस में सुरक्षा व्यवस्था का एसपी ने लिया जायजा
जहानाबाद। ईद-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर नगर थाना क्षेत्र में निकाले जा रहे जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस अधीक्षक किरण कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जुलूस के मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर सहित मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे।
जहानाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अपने परिजनों एवं अपनों के साथ सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएं। पुलिस ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए वह सदैव प्रतिबद्ध है।