चाय बनाने से मना करने पर पत्नी की हत्या: गोंडा में 12 साल के बेटे ने पुलिस बुलाई, कहा-पापा ने मम्मी को मार डाला
गोंडा में चाय न बनाने पर पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। शुक्रवार रात आरोपी ने 12 साल के बेटे के सामने वारदात को अंजाम दिया और भाग निकला। इसके बाद बेटे ने पुलिस को फोन कर बताया- पापा ने मम्मी को मार डाला, लाश घर में पड़ी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस को चारपाई पर 35 साल की सुमन का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए। घटना जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर कौड़िया बाजार थाना क्षेत्र की है। आरोपी मनोज कुमार शुक्ला (40) और सुमन की 14 साल पहले शादी हुई थी।
आरोपी मनोज कुमार शुक्ला (40) कोटिया मदारा गांव का रहने वाला है। परिवार में पत्नी सुमन (35), बेटा किशन (12) और बेटी शगुन (4) हैं। पड़ोसियों के मुताबिक, मनोज को नशे की लत थी। शराब पीने से रोकने पर आए दिन उसका पत्नी से विवाद होता था।
बेटे किशन ने बताया- शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे पापा नशे की हालत में घर लौटे और मम्मी से चाय बनाने की जिद करने लगे। मम्मी के इनकार करने पर दोनों में बहस होने लगी। इसी दौरान गुस्से में पापा ने पास पड़ी कुल्हाड़ी से मम्मी पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।
ASP बोले- बेटे ने पुलिस को सूचना दी
ASP नितेश सिंह ने बताया कि बेटे की सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की मां की तहरीर पर आरोपी पति मनोज कुमार शुक्ला और उसकी मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
Farrukhabad, Farrukhabad | Nov 21, 2026