फर्रुखाबाद में PWD का नया कारनामा, स्टेट हाईवे की पुलिया की मिट्टी डाल मरम्मत, लेबर न होने का बहाना
अमृतपुर तहसील क्षेत्र में फर्रुखाबाद-बदायूं स्टेट हाईवे पर चित्रकूट के पास पुलिया धंस गई है। खंड लोक निर्माण विभाग ने इसकी मरम्मत के नाम पर डामर की सड़क पर मिट्टी डालकर खानापूर्ति कर दी।
करीब एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिया की पक्की मरम्मत नहीं कराई गई। अब मिट्टी सूखने से धूल उड़ रही है और यहां हादसे की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय स्तर पर हाईवे की मरम्मत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि खंड लोक निर्माण विभाग ने कई जगह जरूरत नहीं होने के बावजूद डामर डालकर पेचवर्क कराया।
सड़क सुरक्षा के नाम पर लाखों रुपए के टेंडर किए गए, लेकिन काम की गुणवत्ता और खर्च को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लेबर नहीं मिलने का दिया हवाला
खंड लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन अशोक कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि हादसा न हो, इसलिए पुलिया पर मिट्टी डलवा दी गई थी। उन्होंने कहा कि दीपावली के आसपास मजदूर अपने घर चले गए थे। मजदूर बिहार के थे और छठ पूजा के चलते वापस नहीं आए थे। इसी वजह से तत्काल मिट्टी डलवाकर काम चलाया गया।
जल्द पक्की मरम्मत कराने का आश्वासन
मिट्टी सूखने के बाद धूल उड़ने और हादसे की आशंका को लेकर पूछे जाने पर एक्सईएन ने कहा कि जल्द ही पक्का निर्माण कराकर पुलिया की मरम्मत करा दी जाएगी। हालांकि, करीब एक सप्ताह बाद भी मरम्मत पूरी नहीं होने से इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को खतरा बना हुआ है।