सोने में अदृश्य मिलावट…7.8 ग्राम में एक ग्राम रेनियम पाउडर: वजन बढ़कर 8.8 ग्राम हुआ; न हॉलमार्किंग मशीन पकड़ पाई, न ही कोई सुनार
आप जो सोना खरीद रहे हैं, क्या वह वाकई 100% शुद्ध है? या फिर आपकी गाढ़ी कमाई के गहनों में मिलाया जा रहा है चीन का एक ऐसा 'सीक्रेट पाउडर'... जिसे पकड़ पाना आम इंसान तो छोड़िए, देश की बड़ी-बड़ी हॉलमार्किंग मशीनों के लिए भी नामुमकिन साबित हो रहा है? दैनिक भास्कर की इन्वेस्टिगेशन टीम ने इस मिलावट की पड़ताल की। चीन के शेनझेन शहर के एक चीनी एजेंट से यह पाउडर मंगाया गया।
जोधपुर में एक ज्वेलर्स के सहयोग से इस सोने में मिलावट कर वजन बढ़ाया गया। बाद में उसकी हॉलमार्क सेंटर पर जांच कराई तो मशीन इस पाउडर की मिलावट पकड़ ही नहीं पाई। यानी सोने में जितना यह मिलाया गया, उतना ज्यादा वजन का सोना बता दिया गया।
सोने के कारोबार से जुड़ी तीन एसोसिएशन से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने भी स्वीकार किया कि चीनी पाउडर रेनियम को मिलाकर देश में सोना बिकने लगा है। ऐसे में ग्राहकों के साथ ठगी हो रही है। बता दें कि हमारे देश में रोज 2 हजार से 2200 किलो सोना बिकता है।
चीनी एजेंट से संपर्क किया तो भारत में ही दलाल बताए
एक ज्वेलर के जरिए इस तरह के पाउडर की मिलावट होने पर रिपोर्टर ने इसके लिए चीन के शेनझेन शहर के एजेंट से बात की। उसने बताया, हमारे यहां रेनियम फैक्ट्री है। सोने में इसे 25% तक मिलाने पर भी यह पकड़ में नहीं आएगा।
दाम पूछे तो बताया, दो तरह के रेनियम हैं। एक 3 हजार डॉलर का 100 ग्राम और दूसरा 3400 डॉलर का 100 ग्राम। भारत के कई शहरों में उसके डीलर हैं और यह आसानी से वहां मिल जाएगा।
मुंबई से मंगवाया रेनियम
रिपोर्टर ने चीनी एजेंट के बताए अनुसार मुंबई, अहमदाबाद सहित अन्य जगह संपर्क किया। बाद में मुंबई में एक एजेंट से सैंपल के तौर पर एक ग्राम रेनियम ऑर्डर किया। उसने रेनियम के 5 हजार और 300 रुपए कूरियर चार्ज लेकर पैकेट जोधपुर भेजा।
आड़ बनवाई, मशीन मिलावट नहीं पकड़ पाई
रेनियम मिलने के बाद उसे सोने में मिलाने को लेकर प्रयोग कराया। 7.830 ग्राम 24 कैरेट यानी शुद्ध सोने में 1 ग्राम यह पाउडर मिलाया। इससे वजन 8.830 ग्राम हो गया।
इसका टेस्ट कराया गया तो यह 24 कैरेट सोना निकला। ज्वेलर ने 22 कैरेट की ज्वेलरी बनाने के लिए इसमें 0.75 ग्राम धातु मिक्स की और 9.580 ग्राम की देशी आड़ (राजस्थानी राजपूती गहना) तैयार कराई।
रिपोर्ट में 22 का, हकीकत में 20 कैरेट की ज्वेलरी
हॉलमार्क सेंटर और अन्य जांचों में जब देशी आड़ की जांच कराई तो इसे 22 कैरेट माना गया यानी 91.6% शुद्धता का सोना, जबकि सच ये था कि इसमें असली सोना सिर्फ 7.830 ग्राम ही था।
ऐसे में इस गहने की शुद्धता सिर्फ 81.73% ही रही यानी करीब 20 कैरेट सोने के बराबर है। अगर डेढ़ लाख रुपए प्रति तोला भाव मानें जाएं तो एक तोला जेवर लेने पर ही करीब 14700 रुपए का सीधा नुकसान है।
हॉलमार्क सहित 6 जांच कराई, चांदी-तांबा-जस्ता मिला पर रेनियम नहीं
1. सोने की 91.6% हॉलमार्किंग दीः हमने रेनियम मिक्स ज्वेलरी की विश्वसनीय हॉलमार्क सेंटर में जांच कराई। वहां इस ज्वेलरी पर 92K916 का हॉलमार्क जारी हो गया। यह 22 कैरेट सोने के लिए है।
2. ब्रांड शोरूम में 22 कैरेट गोल्ड बतायाः सरदारपुरा बी रोड स्थित एक ब्रांडेड ज्वेलरी शोरूम की मशीन में भी इसे 22 कैरेट की आड़ बताया। बेचने पर 22 कैरेट के हिसाब से 1.17 लाख रुपए देने और एक्सचेंज कर खरीदारी करने पर 1.23 लाख रुपए का ऑफर दिया।
3. 93.70% सोना और चांदी: नई सड़क स्थित एक शोरूम
में कैरेट मशीन से जांच कराई। वहां स्क्रीन पर 93.70% सोना, 5.39% चांदी व 0.90% तांबे की पुष्टि की गई।
रेनियम का कोई उल्लेख नहीं।