पति की हत्या के लिए शूटरों को 6 लाख दिए: शूटरो का निशाना चूकने से बचा पति; लखनऊ में प्रेमी सिपाही, आरोपी पत्नी समेत 5 गिरफ्तार
लखनऊ में पति की हत्या के लिए पत्नी ने 6 लाख रुपए की सुपारी दी थी। शूटरों ने गोली भी चलाई, लेकिन पति बच गया। अब पुलिस ने प्रेमी समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस पूरी वारदात का खुलासा किया है।
दरअसल, पत्नी आशी मिश्रा ने सिपाही और प्रेमी नितिन राणा के साथ मिलकर पति अनुराग शुक्ला की हत्या के लिए 6 लाख रुपए की सुपारी दी थी। 28 अक्टूबर को पुरनिया चौराहे के पास अनुराग पर गोली भी चलाई गई थी।
गोली पति के दाहिने हाथ की बाजू में लगी, लेकिन वह बच गए। सुपारी लेने वालों में यूपी पुलिस का सिपाही नितिन राणा भी शामिल था। उसके साथ मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा और शिवम राजपूत भी थे।
सभी को मेरठ से पकड़ा गया है। पत्नी आशी मिश्रा को लखनऊ से पकड़ा गया है। एक आरोपी मयंक राजपूत अभी भी फरार है।
लाइब्रेरी में हुई थी मुलाकात, 2022 से चल रहा था प्रेम प्रसंग
डीसीपी नार्थ अमित कुमार आनंद ने बताया कि नितिन राणा यूपी पुलिस में 2019 बैच का सिपाही है और मौजूदा समय में रिजर्व पुलिस लाइन लखनऊ में तैनात है। साल 2022 में कपूरथला स्थित मां पब्लिक लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उसकी मुलाकात आशी मिश्रा से हुई थी।
वह फैजुल्लागंज की रहने वाली है। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। साल 2025 में आशी की शादी विष्णु विहार कॉलोनी दाऊदनगर के रहने वाले अनुराग शुक्ला से हो गई। वह कोटक महिंद्रा बैंक में सेल्स मैनेजर के पद पर हैं।
शादी के बाद भी नितिन और आशी का संपर्क बना रहा। नितिन ने आशी को अपने नाम से एक सिम कार्ड भी दिया था, जिससे दोनों बातचीत करते थे।
पति के दूसरी महिलाओं से बातचीत करने पर रची हत्या की साजिश
पूछताछ में सामने आया कि शादी के बाद आशी ने पति का मोबाइल चेक किया था। उसे पता चला कि अनुराग दूसरी महिलाओं से बातचीत करते हैं। इस बात को लेकर उसने नितिन से शिकायत की। इसके बाद दोनों ने तीन महीना पहले अनुराग को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
दो दिन पहले की रेकी, फिर पुरनिया में चलाई गोली
डीसीपी के मुताबिक, साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपी 26 अक्टूबर को लखनऊ आए और अनुराग की गतिविधियों के साथ उनके आने-जाने के रास्तों की रेकी की।
इसके बाद 28 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे पुरनिया चौराहे पर केंद्रीय भवन के गेट के पास मयंक वशिष्ठ और मनोज राजपूत ने अनुराग पर फायरिंग की। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी। हालांकि अनुराग की जान बच गई।
मेरठ से गिरफ्तार हुए चारों आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। डीसीपी उत्तरी की स्वाट सर्विलांस टीम और अलीगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मेरठ के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में मलियाना फाटक के पास दबिश दी।
यहां से मयंक वशिष्ठ, शुभम शर्मा, शिवम राजपूत और सिपाही नितिन राणा को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, आशी मिश्रा को लखनऊ से पकड़ा गया। पकड़े गए सभी आरोपी बागपत के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल तमंचे को आरोपियों ने रास्ते में कहीं फेंक दिया है। पुलिस उसे बरामद करने का प्रयास कर रही है। फायरिंग में शामिल मनोज राजपूत अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।