प्रेमी से कराई पति की हत्या,फरवरी में बेटी की शादी: 40 किमी दूर फेंका शव, एक्सीडेंट दिखाकर बीमा क्लेम लेना चाहती थी
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में महिला ने प्रेम-प्रसंग में बाधा बन रहे पति की प्रेमी और उसके दोस्त से हत्या करवा दी। पत्नी मर्डर को एक्सीडेंट दिखाकर बीमा क्लेम लेना चाहती थी। हत्या के करीब 7 दिन बाद महिला के कॉल डिटेल से मामले का खुलासा हुआ। फरवरी में महिला की बेटी की शादी है।
महिला ने प्रेमी और उसके दोस्त के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। प्रेमी के दोस्त ने महिला के पति को मिलने के बहाने महेंद्रगढ़ बुलाया, जहां पहले से बैठे प्रेमी ने हथौड़े से सिर पर वार कर महिला के पति की हत्या कर दी। इसके बाद लहूलुहान हालत में शव को कंबल में लपेटकर बाइक पर रखा और 40 किलोमीटर दूर उसके गांव के बाहर सुनसान जगह पर फेंक दिया।
मामला बहरोड़ सदर थाना क्षेत्र के बोंद गांव का 11 नवंबर का है। मृतक की पहचान सतीश सैनी उर्फ लीलाराम (40) निवासी बर्डोद के रूप में हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि युवक की मौत सिर में चोट लगने और खून बहने से हुई थी। चोटें एक्सीडेंट जैसी नहीं थीं। पुलिस ने पत्नी की कॉल डिटेल खंगाली तो मामले का खुलासा हुआ।
गुरुवार को पुलिस ने महिला रेखा के प्रेमी राजेश उर्फ राजू मिस्त्री (34) निवासी मुंडावर और उसके दोस्त शमशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम (27) निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पत्नी रेखा की तलाश की जा रही है।
11 नवंबर को होटल के पास मिला था शव
कोटपूतली-बहरोड़ एसपी सत्यवीर सिंह ने बताया-11 नवंबर की रात सदर थाना क्षेत्र के बर्डोद में वीरमती होटल के पास एक युवक का शव मिला था। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बहरोड़ अस्पताल की मॉच्र्युरी में रखवाया। साथ ही FSL टीम को बुलाकर घटनास्थल से सैंपल लिए गए।
12 नवंबर की सुबह मृतक की पहचान सतीश सैनी उर्फ लीलाराम (40) निवासी बर्डोद के रूप में हुई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रिपोर्ट में सामने आया कि युवक की मौत सिर में चोट लगने और खून बहने से हुई थी। हालांकि, चोटें एक्सीडेंट जैसी नहीं थीं।
मृतक के सीने पर कड़बी के पत्ते मिले थे। थोड़ी दूरी पर रखी कड़बी के पास खून भी बिखरा हुआ था। जांच में पता चला कि खून मृतक का ही था। इससे पुलिस को शक हुआ कि युवक की हत्या कर शव को एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई है। सतीश के भाई मुकेश की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
20 साल पहले हुई थी शादी
जांच में सामने आया कि सतीश सेटरिंग मिस्त्री (छत डालने का काम) था। 20 साल पहले उसकी शादी बानसूर के हमीरपुर निवासी रेखा (38) से हुई थी। कई साल से रेखा बानसूर में अलग मकान बनवाकर अपनी दो बेटियों, एक बेटे और सास के साथ रहने लगी थी। वहीं, सतीश गांव में ही काम करता था और कभी-कभी परिवार से मिलने जाता था।
पुलिस ने शक के आधार पर रेखा की कॉल डिटेल खंगाली। इसमें एक नंबर पर हत्या से पहले और उसके आसपास कई कॉल किए जाने की जानकारी मिली। जांच में यह नंबर मुंडावर निवासी राजेश मैकेनिक का निकला।
LIC क्लेम के लिए हत्या को एक्सीडेंट दिखाने की योजना बनाई
पुलिस के अनुसार, रेखा का मुंडावर निवासी मैकेनिक राजेश उर्फ राजू मिस्त्री (34) के साथ प्रेम प्रसंग था। सतीश दोनों के रिश्ते में बाधा बन रहा था। ऐसे में रेखा और राजेश ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
दोनों को पता था कि सतीश के पास LIC की पॉलिसी हैं। उन्होंने उसकी मौत को एक्सीडेंट दिखाने की साजिश रची, ताकि बीमा क्लेम की रकम रेखा को मिल सके। सतीश और रेखा की बड़ी बेटी की शादी फरवरी में होनी है। ऐसे में रेखा को पैसों की जरूरत भी थी।
प्रेमी ने हरियाणा में काम करने वाले दोस्त को साजिश में मिलाया
आरोपी राजेश ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ में काम करने वाले अपने दोस्त शमशेर उर्फ शिवा उर्फ शिवम (27) से संपर्क किया। शमशेर कुछ समय पहले महिला के पति सतीश के साथ काम कर चुका था।
मिलने के बहाने 40 किलोमीटर दूर बुलाया, हथौड़े से सिर पर किए वार
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की शाम शमशेर ने सतीश को 40 किमी दूर मिलने के लिए महेंद्रगढ़ बुलाया। दोनों बैठकर बात कर रहे थे, तभी राजेश वहां पहुंचा और हथौड़े से सतीश के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इससे सतीश अचेत होकर गिर गया।
इसके बाद राजेश और शमशेर ने सतीश को कंबल में लपेटा और बाइक पर बैठाकर उसके गांव बर्डोद ले आए। दोनों ने उसे गांव के बाहर सड़क किनारे पटक दिया और बाइक लेकर फरार हो गए।
CCTV से बचने के लिए लिंक रोड और गांवों के रास्तों का इस्तेमाल किया
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने महेंद्रगढ़ से बर्डोद आने के लिए हाईवे पर लगे CCTV कैमरों से बचने के लिए लिंक रोड और गांवों का रास्ता चुना। ताकि वे कैमरों में कैद न हों।
मृतक की पत्नी की कॉल डिटेल खंगालने पर आरोपियों से संपर्क होने की जानकारी मिली।
दो आरोपी गिरफ्तार, पत्नी की तलाश जारी
एसपी सत्यवीर सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मृतक की पत्नी
की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले में अहम खुलासे होने की संभावना है।