तीन मिनट की देरी पर स्कूल में नहीं मिला प्रवेश, ट्रेन की चपेट में आने से नौ वर्षीय छात्र की मौत
घूरपुर/प्रयागराज। घूरपुर थाना क्षेत्र के इरादतगंज स्थित सेंट मैरिज कॉन्वेंट स्कूल में महज तीन मिनट देर से पहुंचने पर कक्षा तीन के नौ वर्षीय छात्र मोहम्मद यजदान को प्रवेश नहीं दिए जाने का परिजनों ने आरोप लगाया है। स्कूल से वापस लौटते समय रेलवे ट्रैक के पास ट्रेन की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर हंगामा व तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची घूरपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Bara, Allahabad | Nov 17, 2026