बारा क्षेत्र के चामू, बैजला और असरवई गांवों में छठ पूजा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, घाटों पर जुटे श्रद्धालु
छठी मैया के जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र, सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए थाना प्रभारी संजय राय हमराहियों के साथ रहे मुस्तैद
बारा, प्रयागराज। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा बारा क्षेत्र के चामू, बैजला और असरवई गांवों में पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। छठ पूजा को लेकर विभिन्न घाटों और पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की।
चामू गांव में छठ पूजा का आयोजन डॉ. विनोद कुमार सिंह एवं प्रभात सिंह के नेतृत्व में श्रद्धा और भव्यता के साथ किया गया। पूजा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। महिलाओं ने पारंपरिक सूप और दउरा में फल, फूल एवं पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
वहीं छठ पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बारा थाना प्रभारी संजय राय उप निरीक्षक राजेश सिंह उप निरीक्षक सुभाष यादव उप निरीक्षक शिवम अपने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ पूरी मुस्तैदी से डटे रहे। उन्होंने पूजा स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस की सक्रियता से पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी बनी रही।
छठ पूजा के अवसर पर गांवों में उमड़ा जनसैलाब भारतीय संस्कृति, परंपरा, सामाजिक एकता और अटूट आस्था की सुंदर तस्वीर पेश करता नजर आया। श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति के बीच पूरे क्षेत्र में पर्व का उल्लास छाया रहा।
Bara, Allahabad | Nov 16, 2026