कोंच में बुजुर्ग दंपती से लूट एवं डकैती का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल, जेवरात, नकदी और हथियार बरामद
कोंच/जालौन। कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिमिरिया में बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर चांदी के सिक्के, जेवरात और नकदी लूटने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली कोंच पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 4/5 सितंबर 2026 की रात ग्राम सिमिरिया निवासी स्वर्गीय झगड़ू के पुत्र रघुवीर अहिरवार के घर में अज्ञात बदमाश घुस आए थे। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर बुजुर्ग दंपती को बंधक बना लिया और संदूक से चांदी के सिक्के, चांदी के जेवरात तथा करीब 35 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। घटना के संबंध में 5 सितंबर को कोतवाली कोंच में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर की फायरिंग: घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में कोतवाली कोंच पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों को रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रवि अहिरवार पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं पुलिस ने घेराबंदी कर जमील अहमद और प्रमोद उर्फ चीकू को भी गिरफ्तार कर लिया।
लूट का सामान और हथियार बरामद: पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध असलहा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली धातु की एक कील, करीब 650 ग्राम चांदी के जेवरात व चांदी के सिक्के, 35 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 4/5 सितंबर की रात ग्राम सिमिरिया में एक मकान में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के और 35 हजार रुपये की डकैती की थी और मौके से फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया: गिरफ्तार आरोपियों में रवि अहिरवार (करीब 24 वर्ष), निवासी गांधी नगर, कोंच, जमील अहमद (करीब 57 वर्ष), निवासी कांशीराम कॉलोनी, कोंच और प्रमोद उर्फ चीकू (करीब 44 वर्ष), निवासी ग्राम सिमिरिया, कोंच शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक जमील अहमद के खिलाफ कोंच थाने में चोरी/गंभीर धाराओं तथा गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। वहीं प्रमोद उर्फ चीकू के खिलाफ महोबा जनपद में भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Orai, Jalaun | Sep 7, 2026