#बालाघाट
प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के तहत लांजी में प्रशिक्षण, ग्राम विकास में सक्रिय भागीदारी पर जोर
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विकासखंड लांजी में प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामों में गठित प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों, नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाता सीएम इंटर्न का एक दिवसीय बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम जनपद पंचायत लांजी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समिति सदस्यों की क्षमता वृद्धि कर उन्हें ग्राम विकास कार्यों में अधिक प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार करना था।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक महेश पटले ने विशेष रूप से उपस्थित होकर कहा कि प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम स्तर पर गठित समितियों को सशक्त बनाया जा रहा है। प्रशिक्षण से समिति सदस्यों की कार्यक्षमता बढ़ती है और वे ग्राम विकास, जनभागीदारी तथा सामाजिक अभियानों में प्रभावी योगदान दे सकते हैं। उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान करते हुए कहा कि मां की स्मृति अथवा उनके नाम पर लगाए गए पौधों की देखभाल तब तक की जाए, जब तक वे पूर्ण विकसित वृक्ष न बन जाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन है।
बैठक में 12 से 17 अगस्त के बीच आयोजित होने वाली हरियाली कलश नवांकुर सखी यात्रा की कार्ययोजना तैयार की गई। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक संतोष नगपुरे ने प्रस्फुटन समिति के सदस्यों को ग्राम विकास गतिविधियों के दस्तावेजीकरण का प्रशिक्षण दिया तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में रमेश असाटकर, घनश्याम पारधी, लवकुश यादव, डोमेश्वर सोनवाने, मुनेश पटले, विजय हटिले, संदीप रामटेककर, अशोक घरते, ज्योति शकरपुड़े, निलेश्वर ठाकरे, गणेश लिल्हारे, तुलसीराम उइके, राजू भीमटे, आकाश ऐडे, अशोक अस्तने, रामदास नगपुरे, राजकुमार नगपुरे, जुनेद शेख, पिंकी अग्रवाल, रज्जू यादव, भूमेश लिल्हारे, क्षत्रपाल सिहोरे सहित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, सीएम इंटर्न एवं 26 ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।
#cmmadhyprdesh #JansamparkMP #environment_mp
Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 6, 2026